प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
08 अगस्त 2026
शीर्षक: जिला पदाधिकारी ने समीक्षा बैठक में सभी कार्यालय प्रधानों को स्वच्छता, सुरक्षा, आधुनिकीकरण एवं प्रशासनिक अनुशासन के दिए कड़े निर्देश। कल यानि 9 अगस्त को चलेगा विशेष स्व-स्वच्छता अभियान।
•कार्यालय की स्वच्छता, सुव्यवस्था ही उन्नत कार्यसंस्कृति की पहचान– जिला पदाधिकारी •
जमुई: जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सभी विभाग के पदाधिकारियों के साथ आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं शाखाओं का सुव्यवस्थित संचालन, स्वच्छ, सुसज्जित तथा सुरक्षित कार्य वातावरण का निर्माण, अभिलेखों का वैज्ञानिक संरक्षण एवं डिजिटलीकरण, तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति के माध्यम से कार्यकुशलता और अनुशासन सुनिश्चित करना था।
इस बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि "जिस पद पर आप आसीन हैं, वही समाज में आपकी वास्तविक पहचान है और यह कार्यालय आपके दूसरे घर के समान है, क्योंकि आपके दैनिक जीवन का एक बहुत बड़ा और अमूल्य हिस्सा इसी परिसर में व्यतीत होता है।" उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि किसी भी कार्यालय की गरिमा और उसकी प्रशासनिक प्रतिष्ठा केवल वहां निष्पादित होने वाली फाइलों से ही नहीं, बल्कि वहां की स्वच्छता, सौंदर्य और सुव्यवस्थित वातावरण से भी मापी जाती है। एक स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में काम करने से न केवल अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं ऊर्जा में वृद्धि होती है, बल्कि अपने कार्यों के लिए आने वाले आम नागरिकों के मन में भी शासन तथा प्रशासन के प्रति सम्मान और विश्वास की भावना सुदृढ़ होती है।"
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर बल देते हुए कार्यालय परिसर, पेयजल स्रोतों तथा शौचालयों की नियमित सफाई कर उसकी तिथि अंकित करने और महिला कर्मियों के लिए पृथक स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर दीवारों की मरम्मत व रंग-रोगन कराने, छतों की साप्ताहिक सफाई करने, मुख्य द्वार पर नया नेम बोर्ड लगाने तथा कर्मियों की टेबल पर नामपट्ट व कार्य सूची प्रदर्शित करने को कहा गया। इसके अलावा, परिसर को सुंदर बनाने हेतु बागवानी विकसित कर उसकी देखरेख के लिए परिचारी की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासनिक अनुशासन एवं आधुनिकीकरण के तहत शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने, सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर कार्यालय प्रधान द्वारा बड़े मॉनिटर से सतत निगरानी रखने और कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार कंप्यूटर व अन्य उपकरण उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। जर्जर अलमारियां, फर्नीचर और खुले तार हटाकर नई वायरिंग कराने, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था करने, पर्दों व तौलियों की नियमित धुलाई सुनिश्चित करने तथा विभागीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका दाखिल-खारिज प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया गया। अंत में चेतावनी दी गई कि इन निर्देशों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इन दिशा-निर्देशों के प्रत्यक्ष अनुपालन एवं व्यावहारिक क्रियान्वयन हेतु जिला पदाधिकारी ने एक विशेष पहल करते हुए कल सभी कार्यालय प्रधान अपने-अपने कार्यालयों में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयं उपस्थित रहकर विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। इस सामूहिक स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के भीतर स्वच्छता के प्रति आत्म-बोध व नैतिक दायित्व की भावना जागृत करना है, ताकि उन्हें परिसर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका का अहसास हो सके। जिला पदाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि जब सभी अधिकारी व कर्मचारी स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई में योगदान देंगे, तो उनके मन में आगे कभी भी परिसर में गंदगी न फैलाने का संस्कार एवं बोध विकसित होगा, जिससे पूरे जिला प्रशासन परिसर में स्थायी रूप से स्वच्छता बनाए रखने का एक सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल निर्मित होगा।
#jamui #jamuinews Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Jamui, Bihar | Aug 8, 2026