कटिहार जिले में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु "विद्यार्थी सहयोग शिविर का होगा आयोजन*
कटिहार,17 अगस्त 2026 सोमवार।
*बिहार सरकार, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के आलोक में कटिहार जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं/ शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए "विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।*
*राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान करने तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार हेतु विद्यार्थियों से सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।*
"सबका सम्मान, जीवन आसान के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाना है।
यदि निर्धारित चतुर्थ मंगलवार को अवकाश रहता है तो शिविर अगले कार्य दिवस में आयोजित किया जाएगा।
*विद्यार्थियों की शिकायतों एवं सुझावों के लिए पोर्टल*
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का लोकार्पण आज 17 अगस्त 2026 को माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर कमलों द्वारा किया गया।
समारोह माननीय उच्च शिक्षा मंत्री श्री संजय सिंह (टाईगर) एवं माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी के गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। राज्यस्तरीय मुख्य समारोह जे० डी० विमेन्स कॉलेज, पटना के परिसर में भूतल पर अवस्थित ऑडिटोरियम में किया गया।
उपरोक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले में अवस्थित सभी महाविद्यालयों/ विद्यालयों में किया गया। जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय, कटिहार में जिला पदाधिकारी, कटिहार की अध्यक्षता में पूर्ण हुआ। जिसमें पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक/उच्च विद्यालय ने भाग लिया।
विद्यार्थी इस पोर्टल के माध्यम से अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दे सकेंगे। पोर्टल पर संबंधित संस्थान / छात्रावास के वास्तविक (Bonafide) विद्यार्थी ही पंजीकरण कर सकेंगे।
शिकायतों में कक्षा संचालन, शिक्षक की समय पर उपस्थिति, परीक्षा, परीक्षा-फल,अनाधिकृत शुल्क, कक्षा में विद्युत एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग तथा अन्य शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं से संबंधित विषय शामिल किए जा सकेंगे।
*विद्यार्थियों से सक्रिय भागीदारी की अपील*
जिला प्रशासन, कटिहार ने जिले के सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे विद्यार्थी सहयोग पोर्टल एवं विद्यार्थी सहयोग शिविर का अधिकतम उपयोग करें। विद्यार्थी अपनी वास्तविक शैक्षणिक समस्याओं एवं सुझावों को उचित माध्यम से दर्ज करें, ताकि संबंधित विभाग द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की जा सके। यह पहल विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी, विद्यार्थी-केंद्रित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
कटिहार.
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department @topfans #katihar
Katihar, Bihar | Aug 17, 2026