काशीपुर में जीएसटी सर्वे को लेकर व्यापारियों और अधिकारियों की बैठक, पहले दिया जाएगा सुधार का अवसर
काशीपुर। नगर क्षेत्र में प्रतिष्ठानों पर जीएसटी को लेकर राजस्व कर विभाग की सर्वे कार्रवाई से व्यापारियों में उपजे असंतोष के बाद मेयर दीपक बाली की पहल पर व्यापारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई। नगर निगम सभागार स्थित मेयर कार्यालय में हुई बैठक में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा राजस्व कर विभाग के अधिकारियों ने जीएसटी से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में कुमाऊं प्रभारी व्यापार मंडल अश्विनी छाबड़ा, डिप्टी कमिश्नर वीर सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर मितेश्वरानंद सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच किसी प्रकार का भय अथवा गलतफहमी का माहौल नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान के जीएसटी रिकॉर्ड में कोई विसंगति दिखाई देती है तो सीधे सर्वे करने के बजाय पहले संबंधित व्यापारी को कार्यालय बुलाकर उसकी स्थिति स्पष्ट की जाए और रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार का अवसर दिया जाए।
बैठक में व्यापारियों की ओर से जीएसटी कानून की जटिलताओं, टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट तथा रिकॉर्ड में होने वाली त्रुटियों से संबंधित समस्याएं रखी गईं। इस पर व्यापारियों को जीएसटी नियमों की जानकारी देने के लिए जल्द विशेष कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी। कार्यशाला में जीएसटी अधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट तथा जीएसटी विशेषज्ञ व्यापारियों की शंकाओं का समाधान करेंगे। कार्यशाला एक सप्ताह से दस दिन के भीतर आयोजित किए जाने की बात कही गई।
विभागीय अधिकारियों ने बैठक में स्पष्ट किया कि व्यापारियों को पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक सुधार का अवसर दिया जाएगा। हालांकि नियमों का पालन नहीं करने अथवा अनियमितता पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
व्यापार मंडल के कुमाऊं प्रभारी अश्विनी छाबड़ा ने मेयर की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक से व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद का रास्ता मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यापारी कर व्यवस्था का पालन करने के पक्ष में हैं, लेकिन अनावश्यक भय का वातावरण नहीं बनना चाहिए।
व्यापारियों ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अगले कुछ महीनों तक सर्वे कार्रवाई से राहत देने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि त्योहारी सीजन में मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड, ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न कारोबारों में बिक्री और स्टॉक बढ़ जाता है। ऐसे समय में जागरूकता और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, व्यापारी अशोक कुमार, अनुराग मित्तल, प्रतीक अग्रवाल, शिवम टंडन, राजीव परनामी, पुष्प अग्रवाल, दीपक कुमार, हितेश कुमार, राजीव, शुभम, आलोक अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, गौरव पैगिया, शुभम अग्रवाल सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।