भारी बारिश से 120 सड़कें बंद, कांगड़ा में मकान ढहा
हादसे में दादा-पोती घायल, कई इलाकों में भूस्खलन
शिमला, ब्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। राजधानी शिमला में झमाझम बारिश हुई, जबकि किन्नौर के निगुलसरी में पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 करीब 11 घंटे तक अवरुद्ध रहा। भारी बारिश और भूस्खलन से 120 सड़कें बंद हैं। सिरमौर जिले में 26 सड़कें, चंबा में पांच, कांगड़ा पांच, कुल्लू में 31, मंडी में 38, शिमला में 13 और ऊना में दो सड़कें बंद हैं। सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना यातायात सामान्य है। प्रदेश में मानसून सीजन में अभी तक 797 करोड़ रुपये का संपत्ति का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में बारिश, बाढ़, भूस्खलन और हादसों में 142 लोगों की जान जा चुकी है। अब 142 कच्चे और 90 पक्के मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
किन्नौर के निगुलसरी में सुबह करीब साढ़े छह बजे पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा एनएच-5 पर आ गिरा। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सीमा सड़क संगठन और एनएचएआई की टीमों ने सुबह से ही बहाली कार्य शुरू कर दिया था, लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क खोलने में काफी समय लगा। शाम करीब साढ़े पांच बजे यातायात बहाल किया जा सका। शिमला-नेरवा मुख्य मार्ग पर वीरवार को पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से सड़क किनारे खड़ी दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वाहनों में कोई मौजूद नहीं था। कांगड़ा जिले के फतेहपुर उपमंडल की सुनहारा पंचायत के बडियाली गांव में बुधवार देर रात भारी बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में करीब 80 वर्षीय रमेश और उनकी पोती घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
#HimachalWeather #HeavyRain #Landslide #KangraNews #HimachalNews #RainAlert #RoadClosed #Monsoon #Kangra #HimachalPradesh