➡️ माय भारत जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक संपन्न
➡️ 15 से 20 वर्ष के युवा माय भारत पोर्टल पर कर सकते हैं पंजीयन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन स्वायत्त निकाय मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति (MYB-DAC) की प्रथम बैठक अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में माय भारत की गतिविधियों, वार्षिक कार्ययोजना, विभागीय अभिसरण तथा युवाओं के अधिकतम पंजीयन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विभाग सात दिवस में माय भारत के लिए अपने-अपने नोडल अधिकारी नामित करेंगे। जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रत्येक शैक्षणिक संस्था में माय भारत नोडल शिक्षक और अथवा कैंपस एम्बेसडर की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही प्रत्येक जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर माय भारत पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में स्वास्थ्य, खेल, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य जनहितकारी अभियानों में माय भारतस्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। महिला एवं बाल विकास, रोजगार, उद्योग, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स सहित अन्य विभाग माय भारत कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त सभी विभागों को अपनी योजनाओं का माय भारत के साथ अभिसरण सुनिश्चित करने तथा जिला समन्वय समिति की मासिक एवं जिला सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
अपर कलेक्टर श्री रावत ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि माय भारत पोर्टल पर अधिकतम युवा पंजीयन, विभागीय समन्वय तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध पालन किया जाए। उन्होंने बताया कि मेरा युवा भारत का शुभारंभ 31 अक्टूबर 2023 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर किया गया था। जिसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। यह एक 'फिजिटल' प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से युवाओं को डिजिटल एवं प्रत्यक्ष दोनों माध्यमों से विभिन्न अवसरों से जोड़ा जाता है।
बैठक में माय भारत के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम, भारत के लिए स्वयंसेवक, पीएम इंटर्नशिप योजना, युवा मंडल विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, फिट इंडिया अभियान तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, स्वयंसेवा को बढ़ावा देने, कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उच्च शिक्षा विभाग प्रोफेसर सरोज गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती अंगूरी ठाकुर, समाज सेवी श्री वीनू राणा सहित खेल विभाग, एन एस एस विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
4 views | Sagar, Madhya Pradesh | Jul 8, 2026