समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 28 अक्टूबर 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में मिशन ज्ञानार्जन की समीक्षा बैठक आयोजित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में मिशन ज्ञानार्जन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं संबंधित शिक्षकों के साथ बैठक समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, बक्सर, वरीय उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्राचार्य, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सीएम फेलो तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा निम्नलिखित निर्देश दिए गए:-
1. विद्यालयों में संचालित गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण एवं दस्तावेजीकरण
मिशन ज्ञानार्जन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों, विशेषकर मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं मॉडल विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों से संबंधित फोटोग्राफ एवं वीडियो निर्धारित व्हाट्सऐप ग्रुप में नियमित रूप से साझा किए जाएं, ताकि कार्यक्रमों की प्रगति का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके।
सीएम फेलो को विभिन्न गतिविधियों से संबंधित प्राप्त दस्तावेजों एवं प्रतिवेदनों का जिला स्तर पर समेकन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग) एवं सीएम फेलो को सभी KGBV एवं मॉडल विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण करने तथा उनकी प्रगति का आकलन करने का निर्देश दिया गया।
2. मॉडल विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर की स्थापना
विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करने तथा पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चयनित मॉडल विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए कुल 50 विद्यालयों को चिह्नित किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित कर मिशन कायाकल्प के अंतर्गत रीडिंग कॉर्नर की स्थापना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित करना तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकों के अतिरिक्त ज्ञानवर्धक पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करना है।
3. स्थानीय ज्ञान दिवस का आयोजन
विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, सामाजिक जागरूकता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी की भावना तथा जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से सभी मॉडल विद्यालयों में स्थानीय ज्ञान दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अंतर्गत प्रत्येक माह बैगलेस डे के अवसर पर आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक के साथ स्थानीय स्तर पर प्रेरणादायी एवं अनुभवी व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। इनमें किसान, मैकेनिक, कलाकार, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अन्य व्यक्ति शामिल होंगे। ये व्यक्ति अपने अनुभवों एवं कार्यक्षेत्र से जुड़े व्यावहारिक ज्ञान को विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे, जिससे बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवनोपयोगी जानकारी भी प्राप्त हो सकेगी।
4. ओलंपियाड प्रतियोगिता हेतु विद्यार्थियों का क्रैश कोर्स
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड से ओलंपियाड प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु विद्यार्थियों को चिह्नित कर लिया गया है। इन विद्यार्थियों की तैयारी को सुदृढ़ करने के लिए सभी चिह्नित विद्यालयों में दिनांक 01 नवंबर 2026 से क्रैश कोर्स प्रारंभ किया जाएगा। यह क्रैश कोर्स लगभग 20 से 22 दिनों तक संचालित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि क्रैश कोर्स की समाप्ति के उपरांत सभी प्रखंडों के विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित कराई जाए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रखंडवार रैंकिंग निर्धारित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहन मिलेगा।
5. लैंगिक संवेदनशीलता एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर जागरूकता कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि जिले के विद्यार्थियों के बीच लैंगिक संवेदनशीलता एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित जागरूकता कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं के आयोजन हेतु संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को लैंगिक समानता, महिलाओं के प्रति सम्मान, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग, उसके लाभ एवं संभावित जोखिमों, ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर बुलिंग तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन कार्यक्रमों का आयोजन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित गतिविधियों के फोटोग्राफ एवं वीडियो निर्धारित व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए जाएं। सीएम फेलो को प्राप्त दस्तावेजों का जिला स्तर पर समेकन करने का निर्देश दिया गया।
6. विद्यालयों में वार्षिक समारोह का आयोजन
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को अवगत कराया गया कि जिले के विद्यालयों में वार्षिक समारोह का आयोजन दिसंबर माह में किया जाना है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालयों में आयोजित शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी के दिन ही वार्षिक समारोह का आयोजन किया जा सके।
वार्षिक समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा विद्यालयों में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में मिशन ज्ञानार्जन के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के निर्माण की दिशा में समन्वित प्रयास करें।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police Buxar Education Department Bihar Education Department CMO Bihar Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #CMOBihar #buxarjila #samratchoudhary #bihar
2 views | Buxar, Bihar | Oct 29, 2026