महात्मा गाँधी का मंत्र है ’स्वच्छता ही सेवा’ - मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके
गांधी जयंती पर माहिष्मती घाट पर लगाई झाड़ू, वृद्धाश्रम में बांटे वस्त्र, कम्बल और फल
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान- सेवा मेरा योगदान के तहत शुक्रवार को प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने माँ नर्मदा के पावन माहिष्मती घाट पहुँचकर स्वच्छता ही सेवा अभियान में सहभागिता की। उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर घाट परिसर की सफाई की और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि पूज्य बापू ने हमें ’स्वच्छता ही सेवा’ का अमर मंत्र दिया है। उनका मानना था कि स्वच्छता केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक शुद्धता का भी प्रतीक है और स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है जब हम स्वच्छता को सेवा मानकर आत्मसात करें।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में माँ नर्मदा के घाटों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मंडला जिले के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने जानकारी दी कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेवा पथ से लेकर हनुमान घाट तक बोटिंग सुविधा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नर्मदा जी की खाई पर मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण प्रगति पर है।
रेडक्रॉस वृद्धाश्रम में बांटे वस्त्र, कम्बल और फल
कार्यक्रम के पश्चात मंत्री श्रीमती उईके ने माहिष्मती घाट स्थित रेडक्रॉस द्वारा संचालित वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गजनों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने सभी बुजुर्गों को नवीन वस्त्र, कंबल और फलों की टोकरी वितरित की तथा उनका हालचाल जाना। इस दौरान बुजुर्गों ने माँ नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक के दर्शन की इच्छा व्यक्त की, जिस पर मंत्री ने शीघ्र ही अमरकंटक दर्शन यात्रा कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, एसीईओ जिला पंचायत श्री विनोद मरावी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री पीयूष पांडे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Sampatiya Uikey
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
21 views | Mandla, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026