#बालाघाट
कुएं में मिला भालू का शव, पोस्टमार्टम के बाद वन एवं राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया अंतिम संस्कार
बालाघाट जिले की खैरलांजी तहसील अंतर्गत ग्राम भंडारबोड़ी-पीपरटोला में शनिवार को एक भालू का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम भंडारबोड़ी-पीपरटोला निवासी कमला बाई, पति जिया लाल (गोंड) की जंगल से लगी भूमि, खसरा क्रमांक 53/1 स्थित कुएं में भालू मृत अवस्था में पाया गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए भालू के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद नियमानुसार भालू का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के उपरांत वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए भालू के शव का दाह संस्कार किया गया। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा भालू की मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minforestmp