#बालाघाट
शासकीय एस.एस.पी. महाविद्यालय वारासिवनी में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम संपन्न
शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय, वारासिवनी में शासन के निर्देशानुसार 1 से 3 जुलाई तक तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना था।
प्रथम दिवस पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को कक्षा समूहों से जोड़ने हेतु सूची तैयार की गई तथा उन्हें महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान ग्रंथालय, कार्यालय, विभिन्न प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, छात्रावास एवं कंप्यूटर लैब सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेड़ाम के अध्यक्षीय उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व एवं महाविद्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इसके पश्चात विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं प्रभारियों ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों एवं अवसरों की जानकारी दी।
प्रो. दोमदत्त सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं प्रो. रक्षा निकोसे (हिंदी), प्रो. वी.के. सिंह (प्राणीशास्त्र), प्रो. मोहनीश इडपाचे (रसायनशास्त्र), प्रो. हिमांशु गुर्दे (वाणिज्य), ग्रंथपाल श्री युगल किशोर लांझेवार, प्रो. कृष्णा पराते (एनएसएस), प्रो. नरेंद्र डोंगरे (विधि) तथा प्रो. अनिरुद्ध काकोड़िया (अर्थशास्त्र) ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रो. कृष्णा पराते ने किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन, शैक्षणिक वातावरण एवं उपलब्ध संसाधनों की समग्र जानकारी प्रदान की गई।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
26 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 4, 2026