#बालाघाट
जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस पर बैहर में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान और "स्वैच्छिक पर्व" का शुभारंभ
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर बैहर स्थित शासकीय अरण्य भारती महाविद्यालय में "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण अभियान एवं "स्वैच्छिक पर्व" का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री महेश पटले एवं प्रो. बी.एल. चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बताया गया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित "स्वैच्छिक पर्व" का आयोजन 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में किया जाएगा। इस अवधि में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति अभियान तथा संस्कार केंद्रों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में परिषद परिवार ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए "संगच्छध्वम् संवदध्वम्" की भावना के अनुरूप सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों तथा सीएमसीएलडीपी (CMCLDP) के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वृक्षारोपण और जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री राजीव गोपाल परते, श्री कुंदन मेरावी, श्री राजेंद्र बिसेन, परामर्शदाता श्री शिवनाथ यादव, श्री सुरेश यादव, सुश्री आकांक्षा मेरावी, सुश्री संगीता आर्मी, श्री भंवर सिंह टेकाम, सीएमसीएलडीपी के छात्र श्री संदीप गजभिये एवं श्री अभय यादव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद ने सभी नागरिकों एवं स्वयंसेवकों से "स्वैच्छिक पर्व" के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं एवं सीएमसीएलडीपी नेटवर्क भविष्य में भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं समाज सेवा के जनआंदोलनों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#higheredump
25 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 4, 2026