*साथी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहा एसडीआरएफ: दिवंगत जवान के परिजनों को 11.22 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान*
अधिकारियों व जवानों ने स्वेच्छा से दिया एक दिन का वेतन; नोखा स्थित पैतृक निवास पर जाकर परिजनों को सौंपा सहायता राशि का चेक
जयपुर :कमलेश आमेटा राजस्थान राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) ने अपने दिवंगत जवान के परिवार के प्रति संवेदनशीलता, एकजुटता और पारिवारिक भावना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए स्वर्गीय जवान श्री जितेंद्र सिंह के परिजनों को ₹11.22 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एसडीआरएफ रुपिंदर सिंघ तथा कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में एसडीआरएफ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वेच्छा से अपने एक दिन का वेतन योगदान कर यह सहायता राशि एकत्रित की गई। इस पहल का उद्देश्य दिवंगत जवान के परिवार को संबल प्रदान करना और यह संदेश देना था कि एसडीआरएफ अपने प्रत्येक साथी और उसके परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है।
उल्लेखनीय है कि एसडीआरएफ राजस्थान की जी कंपनी में बीकानेर संभाग मुख्यालय पर तैनात जवान स्वर्गीय श्री जितेंद्र सिंह का 29 मार्च 2026 को बीमारी के चलते असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन से सम्पूर्ण एसडीआरएफ परिवार शोकाकुल हो गया था।
इसी क्रम में सहायक कमांडेंट जग्गू राम ने ग्राम नोखा स्थित दिवंगत जवान के निवास पर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी एवं पुत्र को ₹11,22,000 (ग्यारह लाख बाईस हजार रुपये) की सहायता राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर कंपनी कमांडर श्री राकेश कुमार एवं प्लाटून कमांडर श्री सुभाष चंद्र सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
--------------