विधायक रामकुमार कश्यप ने सुनीं लोगों की समस्याएं, शीघ्र समाधान के दिए निर्देश
इन्द्री, 12 अक्तूबर। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में जनता दरबार आयोजित कर हलके के लोगों की समस्याएं सुनी। जनता दरबार में आई अधिकतर समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निवारण कर दिया गया और प्रशासन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका प्रयास है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से जनता दरबार आयोजित कर लोगों से सीधा संवाद किया जाता है, ताकि उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि हर सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में हलके के लोग बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर आते हैं। उनका यही प्रयास रहता है कि लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान हो,जिससे उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिस गांव में कोई समस्या हो, उसे तुरंत उनके संज्ञान में लाया जाए ताकि उसका त्वरित समाधान हो सके।
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान ये आई समस्याएं
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान गांव लबकरी से आई नीतू व अन्य महिलाओं ने गांव में महिला चौपाल बनवाने बारे, खानपुर निवासी राकेश कुमार ने पैंशन बारे, गांधी नगर निवासी अशोक कुमार ने फैमिली आईडी में हुई त्रुटि को ठीक करवाने बारे, खानपुर निवासी जयभगवान ने गली बनवाने बारे सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान बारे विधायक से अनुरोध किया। विधायक ने हल्के से आये सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र पंजोखरा, जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य विजय कश्यप, अमित सिंहमार, दीपक, नीटू कलरा, शिव कुमार कश्यप, सूरजभान, पाला राम प्रजापति, अमित सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Panipat, Panipat | Oct 12, 2026