#बालाघाट
कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का आयोजन
शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में 5 से 10 अक्टूबर 2026 तक ‘अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘एनईपी : शिक्षा से विकसित भारत’ है। इसका उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की मूल भावना से जोड़ना है।
समागम के अंतर्गत 5 अक्टूबर को ‘2047 में शिक्षा की परिकल्पना’ विषय पर डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 15 छात्राओं ने भाग लिया। वहीं 6 अक्टूबर को ‘शिक्षा में एआई का प्रयोग’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। इसमें पक्ष की ओर से कु. लिशिका वराड़े तथा विपक्ष की ओर से कु. प्रिया मेश्राम ने अपने विचार प्रस्तुत किए। 8 अक्टूबर को एनईपी 2020 के अंतर्गत लोकनृत्य एवं हस्तकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं का प्रदर्शन किया।
9 अक्टूबर को ‘भारत में शिक्षा का भविष्य’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें डॉ. सुनील कुमार मासुलकर, डॉ. दीपरत्ना मासुलकर, डॉ. अनुभूति सेंडीमन, डॉ. सरोज घोड़ेश्वर, डॉ. स्वाति खोब्रागड़े, डॉ. राहुल सूर्यवंशी एवं डॉ. मनिका चौबे सहित प्राध्यापकों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का समापन 10 अक्टूबर को किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार एवं छात्राओं की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। इस समागम के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा में नवाचार, तकनीकी उपयोग और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व को समझने का अवसर मिल रहा है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #highereducation