#बालाघाट
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु के अंतर्गत बकोडा में लगाया गया जिला स्तरीय शिविर
योजनाओं की जानकारी के साथ आमजन की समस्याऍ सुनी गई
उद्यमियों से किया गया संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 02 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत 09 अक्टूबर को लालबर्रा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बकोडा के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई और क्षेत्र के उद्यमियों से संवाद किया गया।
शिविर के दौरान विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे, जनपद उपाध्यक्ष श्री किशोर पालीवाल, जिला पंचायत सदस्य श्री डुलेंद्र ठाकरे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत बकोडा की सरपंच श्रीमती पुष्पा नागेश्वर, पांढरवानी सरपंच श्री अनीष खान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। शिविर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, जनपद सीईओ सुश्री फिरदौस शाह, तहसीलदार श्री भूपेंद्र अहिरवार एवं सभी विभागों के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने शिविर में अपने संबोधन में कहा कि जन विश्वास शिविर में ग्रामीणजन अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बडी आशाऍ लेकर आते है, उनके आवेदनों पर तत्परता के साथ कार्यवाही होना चाहिए। उन्होंने लालबर्रा क्षेत्र के मछुवारों की समस्या का शीघ्र निदान करने की अपेक्षा की। उन्होंने धान फसल को माहु कीट से हुए नुकसान की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए इसका सर्वे कर किसानों को राहत राशि दिलाने की आवश्यकता बनायी। उन्होंने पनबिहरी के मिनी स्टेडियम का मरम्मत कार्य कराने कहा।
जिला पंचायत सदस्य श्री डुलेंद्र ठाकरे ने लालबर्रा क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर से आगे बढाने की आवश्यकता बतायी और कहा कि पंजीयन केंद्रो की संख्या भी बढाई जानी चाहिए जिससे किसान सुगमता से अपना पंजीयन करा सके।
बकोडा में आयोजित इस शिविर के दौरान ग्रामीणों एवं नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाये गए थे। आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनी भी लगायी गई थी। शिविर के दौरान आधार पंजीयन, आधार अपडेशन एवं किसानों के धान पंजीयन की भी व्यवस्था की गई थी। शिविर के दौरान उपसंचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय, आत्मा परियोजना के जिला प्रबंधक श्री रामनाथ पटेल, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाऍ डॉ. घनश्याम परते, श्रम अधिकारी श्री राकेश ठाकरे एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
उद्यमियों से संवाद, आत्मनिर्भरता की साझा की सफलता की कहानी
शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा की उपस्थिति में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय एवं उद्यम स्थापित करने वाले हितग्राहियों से संवाद किया गया। संवाद के दौरान आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह से जुडकर अपना व्यवसाय कर आत्मनिर्भर बनने वाली महिला प्रियंका पटले, सविता खोब्रागढे, दुर्गेश्वरी मेश्राम, सरस्वता कोटेकर, रूबी खरे ने अपने संघर्ष एवं सफल होने की कहानी साझा की। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्या भी बतायी और अपेक्षा की कि आजीविका मिशन के माध्यम से उनका निराकरण किया जाएगा। इस दौरान युवा उद्यमी संतोष मस्करे, युवराज लिल्हारे एवं युवराज शेण्डे से भी संवाद किया गया और उनके द्वारा अपने व्यवसाय के संबंध में बताया गया।
शिविर में 228 आवेदन प्राप्त हुए
बकोडा में आयोजित जन विश्वास शिविर में पंचायत विभाग से संबंधी 89, राजस्व से 78, महिला एवं बाल विकास विभाग से 01, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी से 03, उद्योग विभाग से 03, खाद्य आपूर्ति विभाग से 28, पशुपालन विभाग से 02, कृषि से 03, शिक्षा से 03, मत्स्य पालन से 05, सहकारिता से 03, विद्युत विभाग से 05, लोक निर्माण विभाग से 01, स्वास्थ्य विभाग से 03 एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना से संबंधित 03 आवेदन प्राप्त हुए है। इन आवेदनों पर तत्परता के साथ कार्यवाही कर निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गए है।
#मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान #JanVishwasAbhiyan2026 #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026