शिवहर में मादक पदार्थों पर अंकुश को लेकर NCORD की बैठक, 50 मीटर दायरे में हटेंगी नशे की दुकानें,
मेडिकल स्टोरों की जांच से लेकर ड्रग पेडलर्स पर खुफिया नजर रखने के निर्देश, युवाओं के लिए बनेंगे स्पोर्ट्स व क्विज क्लब
शिवहर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और युवाओं पर पड़ रहे इसके दुष्प्रभावों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय निगरानी समिति (NCORD) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाधिकारी श्रीमती प्रतिमा रानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला औषधि निरीक्षक को जिले के सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित एवं आकस्मिक जांच करने का निर्देश दिया। बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित अथवा नशीली दवाओं की बिक्री पाए जाने पर संबंधित दुकान का लाइसेंस रद्द करने के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग को सूचना तंत्र मजबूत कर नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी वाले संभावित हॉटस्पॉट चिह्नित करने तथा वहां औचक छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
शिक्षण संस्थानों के आसपास 50 मीटर का क्षेत्र होगा नशामुक्त
जिलाधिकारी ने स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान और सेमिनार आयोजित करने पर जोर दिया। शिक्षण संस्थानों के 50 मीटर के दायरे को पूर्णतः नशामुक्त रखने के लिए वहां संचालित गुमटियों एवं दुकानों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया।
युवाओं के लिए बनेंगे स्पोर्ट्स और क्विज क्लब
बैठक में बच्चों एवं युवाओं को स्मैक, हेरोइन सहित अन्य सूखे नशे से दूर रखने के लिए प्रखंड स्तर पर स्पोर्ट्स, लिटरेसी, कला-संस्कृति एवं क्विज क्लब गठित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। इन क्लबों का संचालन स्कूली पढ़ाई के बाद संध्याकाल में एक से दो घंटे तक किया जाएगा, जिसमें इच्छुक बच्चे एवं युवा भाग ले सकेंगे।
इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने के साथ-साथ ड्रग पेडलर्स के संबंध में आसूचना जुटाने पर भी जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को नशीले पदार्थों के कारोबारियों की गतिविधियों पर खुफिया नजर रखने का निर्देश दिया गया।
NDPS मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
बैठक में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम से संबंधित मामलों के प्रभावी एवं त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जिन मामलों में आरोपित बरी हो जाते हैं, उनमें नियमानुसार अपील दायर करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला समादेष्टा गृह रक्षा वाहिनी, जिला औषधि निरीक्षक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, सहायक निदेशक बाल संरक्षण, सिविल सर्जन, अधीक्षक मद्यनिषेध सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।