*डीएम की अध्यक्षता में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक सम्पन्न*
*आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाए सुनिश्चित-जिलाधिकारी*
*रायबरेली-23 सितम्बर 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण की स्थिति तथा निस्तारण के उपरांत प्राप्त फीडबैक की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से असंतुष्ट फीडबैक वाले प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण के संबंध में स्पष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए, जिससे शिकायतकर्ता को की गई कार्यवाही की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस के प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए उनका समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही के कारण प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में न जाने पाए, इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष सतर्कता बरतें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जिन शिकायतकर्ताओं द्वारा निस्तारण के उपरांत संतुष्टि व्यक्त की गई है, उनका फीडबैक अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता का आकलन फीडबैक के माध्यम से किया जाता है, इसलिए संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित करते हुए वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक प्रकरण में जिम्मेदारी के साथ कार्यवाही की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र, उप जिलाधिकारी सारा अशरफ, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Rae Bareli, Raebareli | Sep 23, 2026