जिले के 6 वृंदावन ग्रामों में गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता सम्पन्न
________________
44 दुधारू गायों ने लिया प्रतियोगिता में भाग, 58 पशुपालकों ने कराया था पंजीयन
________________
प्रतिदिन सर्वाधिक 14.067 लीटर दूध देने वाली बोरावा की गिर गाय ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
________________
खरगोन 31 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा प्रदेश की मूल गौवंशीय एवं भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों और उन्नत पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले के 6 वृंदावन ग्रामों में 30 एवं 31 अक्टूबर को गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मिलिंद कुमार नागदेवे के मार्गदर्शन में जिले की 6 विधानसभाओं के चयनित वृंदावन ग्राम टेमला, बोरावा, चोली, बड़िया, सेल्दा एवं सेगावा में प्रतियोगिता सम्पन्न हुई।
प्रतियोगिता में कुल 58 पशुपालकों ने आवेदन किया, जिनमें से 44 दुधारू गायों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में ग्राम टेमला के पशुपालक श्री राजेश-मोहन धनगर की गिर गाय ने प्रतिदिन 9.704 लीटर दूध उत्पादन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार ग्राम बोरावा के पशुपालक श्री हंसराज-जितेंद्र की गिर गाय ने 14.067 लीटर, ग्राम चोली के पशुपालक श्री पंकज-कैलाश की गिर गाय ने 9.740 लीटर, ग्राम बड़िया के पशुपालक श्री देवांशु-प्रदीप की गिर गाय ने 9.849 लीटर, ग्राम सेल्दा के पशुपालक श्री अशोक-संतोष की गिर गाय ने 11.200 लीटर तथा ग्राम सेगावा के पशुपालक श्री छोटू-मोहन की गिर गाय ने 13.791 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन कर अपने-अपने ग्राम में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. जी.एस. सोलंकी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी पशुपालकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से पशुपालकों को उन्नत नस्ल की गायों के पालन एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
#JansamparkMP #khargone