डीएम ने सुनीं ईद-ए-मिलादुन्नबी की तैयारियों से जुड़ी समस्याएं, 24 अगस्त तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
शाहजहांपुर,। आगामी ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक हुई। बैठक में जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।
मुख्य जुलूस के आयोजक अनीस अत्तारी ने जुलूस के निर्धारित मार्ग और तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि 26 अगस्त को ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व मनाया जाएगा। मुख्य जुलूस में हजारों लोग शामिल होते हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भी छोटे जुलूस निकाले जाते हैं। आयोजकों की ओर से जुलूस को व्यवस्थित रखने के लिए वॉलेंटियर्स की तैनाती की जाएगी।बैठक में महिला थाने के पास सड़क के गड्ढों की मरम्मत, बिजली के तार ऊंचे कराने, तिलहर-कटरा क्षेत्र के चौहटिया में जल निगम द्वारा खोदी गई सड़क की मरम्मत तथा कांट में जुलूस मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने की मांग रखी गई। मोहल्ला किला से निकलने वाले जुलूस को लेकर नूर अहमद ने अनुमति पत्र समय से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को 24 अगस्त तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा। डीएम ने जुलूस के दौरान डीजे की निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई न होने तथा भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री न बजाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस निर्धारित एवं परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाए और किसी नई परंपरा की शुरुआत न हो। साथ ही किसी अन्य देश के झंडे का प्रयोग न करने के भी निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आयोजकों से झंडों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत जुलूस के लिए अनुमति प्रक्रिया में पूरा सहयोग किया जाएगा, लेकिन गैर-परंपरागत जुलूस की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील की।नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने जुलूस मार्ग से जुड़ी नागरिक सुविधाओं की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने कहा कि जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं।बैठक में धर्मगुरुओं एवं आयोजकों अनीस अत्तारी, अनीस खान, कासिम रजा सहित अन्य लोगों ने जुलूस के दौरान अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लंगर एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित करते समय उसे फेंककर न देने और रिज्क की बरबादी एवं बेहुरमती से बचने की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।