*शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पांगी में शैक्षणिक संस्थानों का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद*
*बालिका आश्रम किलाड़, ईएमआरएस, पीएम श्री विद्यालय और साच के शैक्षणिक संस्थानों का लिया जायजा*
*सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल ने बनाई देशभर में तीसरा स्थान- रोहित ठाकुर*
*पांगी, 28 अक्टूबर।* हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुरने बुधवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यालय किलाड़ स्थित बालिका आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने सुराल स्थित गोम्पा में दर्शन किए तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, पांगी के लोगों को अपनी समृद्ध प्राचीन संस्कृति एवं परंपराओं को संजोकर रखने के लिए बधाई दी।
शिक्षा मंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) किलाड़, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं राजीव गांधी डे-बोर्डिंग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
*सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिबद्ध*
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा और समान अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि पांगी जैसे दुर्गम जनजातीय क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों की स्थिति और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का जायजा लिया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करना है।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। शिक्षा मंत्री ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन करने के लिए 15 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
*ग्राम पंचायत फिन्डरू और साच मे सुनीं जनसमस्याए*
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत फिन्डरू और साच के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साच और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय साच का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश ने देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में तीसरा स्थान हासिल किया है।
इस अवसर पर चंबा सदर के विधायक नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित भरमौरी, आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह, पांगी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चौहान सहित जनजातीय सलाहकार चुनी लाल और दौलत राम व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#Chamba #pangi #Himachal #Pradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Oct 29, 2026