‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
________________
विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार, पालक-शिक्षक बैठक में शैक्षणिक प्रगति पर हुआ संवाद
________________
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में हुआ पौधारोपण
________________
खरगोन 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सान्दीपनि विद्यालय टेमला में विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके अंतर्गत 19 सितंबर को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को 21 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी का भी अतिथियों ने अवलोकन किया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र पाटीदार, पूर्व जनपद सदस्य श्री विनीत पाटीदार, उपसरपंच श्री वासुदेव पाटीदार तथा भारतीय किसान संघ से श्री सीताराम पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पालक-शिक्षक बैठक में शैक्षणिक प्रगति पर हुआ संवाद
सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 सितंबर को विद्यालय में पालक-शिक्षक बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में 70 प्रतिशत से अधिक पालकों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई, शैक्षणिक प्रगति एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर शिक्षकों और पालकों के बीच चर्चा हुई। पालकों ने विद्यार्थियों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों के साथ विचार-विमर्श किया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत किया पौधारोपण
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक पंवार, श्री भागीरथ पाटीदार, श्री प्रकाश पटेल, श्रीमती पार्वती पाटीदार, श्री राकेश भावसार एवं श्रीमती सोनम नामदेव सहित विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Sep 21, 2026