भिट्ठा पुलिस की दोहरी कार्रवाई: 142 बोतल नेपाली शराब बरामद, चार गिरफ्तार; चोरी की बाइक भी जब्त
सुरसंड (सीतामढ़ी): शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिट्ठा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 142 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 42.6 लीटर है। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं, जिनमें एक मोटरसाइकिल चोरी की बताई गई है।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष दीपक पटेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में दरोगा रजनीश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पहले मामले में पुलिस ने 77 बोतल नेपाली देशी शराब, कुल मात्रा 23.1 लीटर, के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान एमडी सादिक इदरीसी, पिता- उस्मान इदरीसी, ग्राम-भासर, वार्ड नंबर-05, थाना सीतामढ़ी, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है। उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
दूसरे मामले में पुलिस ने 65 बोतल नेपाली देशी शराब, कुल मात्रा 19.5 लीटर, के साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में भी पुलिस ने एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
भिट्ठा थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।