मुजफ्फरपुर में दुर्गा पूजा को लेकर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अहियापुर थाना क्षेत्र के कोलुआ संगम घाट के पास हरियाणा नंबर के एक कंटेनर को जब्त किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार, एएसआई तुलिका कुमारी, उत्पाद कर्मी और होमगार्ड जवानों की टीम ने छापेमारी की।
उत्पाद विभाग के अनुसार, कंटेनर में ऊपर से दवाइयां, जैसे टेलभास और मोनोसेफ, रखी गई थीं। इसी की आड़ में बीच में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। तलाशी के दौरान कंटेनर से करीब 200 से 250 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई है। पेटी और बोतलों की गिनती फिलहाल जारी है।
मौके से कंटेनर चालक अशोक कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वह राजस्थान के रामसर थाना क्षेत्र के जयाडू गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप दरभंगा पहुंचाई जानी थी और उसे दवा ले जाने की बात कहकर भेजा गया था। उत्पाद विभाग अब तस्करी के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है।