बेलसंड में 84 जिंदा कारतूस बरामद, दो गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर मखनाहा गांव में पुलिस की कार्रवाई, घर की तलाशी में कारतूस और बाइक बरामद
बेलसंड (सीतामढ़ी): बेलसंड थाना पुलिस ने अवैध जिंदा कारतूस की बरामदगी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मखनाहा गांव में अमित आनंद उर्फ सोनू सिंह के घर की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 84 पीस जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के मुताबिक, बरामद कारतूस और अन्य सामग्री के संबंध में वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें जब्त कर अमित आनंद उर्फ सोनू सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कमलेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
मामले में बेलसंड थाना कांड संख्या 252/26 दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित आनंद उर्फ सोनू सिंह, निवासी मखनाहा वार्ड नंबर-03, बेलसंड और कमलेश कुमार, निवासी भंडारी वार्ड नंबर-01, बेलसंड के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कमलेश कुमार का पूर्व में भी कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें बेलसंड, पुनौरा, पिपराढ़ी और रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले शामिल हैं। इनमें चोरी, लूट, अपहरण से संबंधित धाराओं के साथ-साथ वर्ष 2025 का एक मामला BNS की धाराओं और आर्म्स एक्ट से संबंधित बताया गया है।
पुलिस अब बरामद कारतूस के स्रोत और इसके संभावित इस्तेमाल को लेकर आगे की जांच कर रही है।