पौड़ी जिले के भदालीखाल में टला बड़ा हादसा, प्रेशर पाइप फटने से खाई में गिरी बस, पेड़ ने बचाई 30 यात्रियों की जान।
उत्तराखंड कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर्स ओनर्स यूनियन (GMOU) की एक यात्री बस बुधवार को भदालीखाल के पास एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। तकनीकी खराबी (प्रेशर पाइप फटने) के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हालांकि, एक पेड़ के सहारे बस के रुक जाने से एक बड़ा और दर्दनाक हादसा टल गया।
घटना के वक्त बस में 30 यात्री सवार थे। प्रेशर पाइप फटने की वजह से चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई की ओर मुड़ गई। गनीमत रही कि खाई में गिरने के तुरंत बाद बस एक मजबूत पेड़ से जाकर अटक गई, जिसने बस को आगे लुढ़कने से रोक लिया। इस चमत्कारिक बचाव के कारण बस में सवार सभी 30 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दे दिया गया है।