खलीलाबाद में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन काटकर फरार, ई-रिक्शा सवार दो महिलाओं पर आरोप
संतकबीरनगर। खलीलाबाद नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन काटे जाने का मामला सामने आया है। मोहल्ला बिधियानी रोड निवासी सुनीता राय पत्नी राजेश राय के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को शाम करीब चार बजे वह गोला बाजार स्थित रजनीश सर्राफ की दुकान के पास से सामान लेकर अपने घर जा रही थीं।
इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास ई-रिक्शा पर सवार दो अज्ञात महिलाओं ने कथित रूप से धारदार हथियार से उनके गले की करीब 8 ग्राम वजन की सोने की चेन काट ली।
चेन कटने का एहसास होते ही सुनीता राय ने शोर मचाया।
महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपी महिलाएं ई-रिक्शा से उतरकर सूर्या गली की तरफ भाग गईं। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की जा रही है।