अवैध गांजे के खिलाफ खलीलाबाद पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपियों से 2 किलो 545 ग्राम गांजा बरामद
संतकबीरनगर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 2 किलो 545 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम ने अजय कन्नौजिया पुत्र छेदी कन्नौजिया निवासी मगहर काजीपुर, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर को डडवा नहर के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 265 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
वहीं दूसरे आरोपी नौशाद अहमद पुत्र नसीर अहमद निवासी काजीपुर धोबीटोला मगहर, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर को डाहीडिहा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1 किलो 280 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली खलीलाबाद में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।