खलीलाबाद में सपा का बूथ सम्मेलन, 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को मिला चुनावी मंत्र
रोहित पांडे बोले—प्रत्याशी कोई भी हो, हर सीट को अखिलेश यादव की सीट मानकर पूरी ताकत से लड़ना होगा
संतकबीरनगर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र-313 में आयोजित बूथ सम्मेलन में बूथ, सेक्टर और जोन प्रभारियों को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में साफ संदेश दिया गया कि आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति का केंद्र बूथ की मजबूती होगी।सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा नेता रोहित पांडे ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि चुनाव मैदान में प्रत्याशी कोई भी हो, कार्यकर्ताओं का उत्साह और मेहनत कम नहीं होनी चाहिए। हर सीट को अखिलेश यादव की सीट मानकर पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने की मानसिकता बनानी होगी।उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बड़े आयोजनों से नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से तय होती है। बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी और जोन प्रभारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार संवाद बनाए रखें।रोहित पांडे ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी मोड में आने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाला समय संगठन की परीक्षा का है। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और संगठन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना होगा।सम्मेलन में “मजबूत बूथ-सशक्त संगठन” का संदेश प्रमुखता से उभरा। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का आयोजन आलोक यादव ‘सोनू’, पूर्व प्रत्याशी 313 विधानसभा खलीलाबाद एवं जिला उपाध्यक्ष द्वारा किया गया। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन में बूथ, सेक्टर और जोन स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। Part 11