आज दिनांक 14.09.2026 को समाहरणालय, रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ विभागीय लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक अंतर्विभागीय सहयोग एवं समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत विधि शाखा से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर लंबित CWJC/MJC वादों की समीक्षा से की गई। समीक्षा के दौरान अधिक संख्या में लंबित मामलों वाले संबंधित पदाधिकारियों को माननीय न्यायालय में प्रतिशपथ दायर करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस सप्ताह न्यूनतम 30 मामलों में प्रतिशपथ दायर कर जिला विधि शाखा को सूचित करें।
बैठक में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवेदनों का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 25 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश सिविल सर्जन, रोहतास को दिया गया। साथ ही विभागीय स्तर पर जिन पदाधिकारियों से कारण-पृच्छा की गई है, उनके द्वारा ससमय जवाब पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
कायाकल्प अभियान के तहत सभी पंचायतों में आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाएं लेने का निर्देश उप विकास आयुक्त, रोहतास को दिया गया। इसके अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय कक्ष, लिंक सड़क, शवदाह केंद्र आदि के निर्माण की योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से आवश्यक प्रतिवेदन प्राप्त कर कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान (17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक) एवं कायाकल्प अभियान (17 सितम्बर 2026 से 31 मार्च 2027 तक) के सफल संचालन के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा सभी संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों एवं निर्धारित गतिविधियों से अवगत कराया गया।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘आंगन का मिलन’ एवं ‘कहानी बदलाव की’ सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन सभी पंचायतों, बूथों, सरकारी संस्थानों, प्रखंड एवं जिला मुख्यालयों तथा राज्य मुख्यालय स्तर पर किया जाएगा। इन गतिविधियों के सफल संचालन हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य, कला एवं संस्कृति, खेल, समाज कल्याण एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही भूमि उपलब्धता एवं अंतर्विभागीय समस्याओं की भी समीक्षा की गई। भवन प्रमंडल, LAEO-01, पथ प्रमंडल, PHED, लघु सिंचाई एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा भूमि से संबंधित समस्याओं को बैठक में रखा गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं अपर समाहर्ता, रोहतास को आपसी समन्वय स्थापित कर संबंधित विभागों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने एवं समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिए।
अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, रोहतास द्वारा भी सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभिन्न विभागों द्वारा किए गए पत्राचार के आलोक में एक सप्ताह के अंदर भवन निर्माण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रगति प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने एवं लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगली साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अपने-अपने विभाग की प्रमुख समस्याओं एवं अपेक्षित अंतर्विभागीय सहयोग को स्पष्ट रूप से दर्शाते हुए PPT तैयार कर प्रस्तुत करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त रोहतास, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम, निदेशक डी.आर.डी.ए. सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, आपूर्ति पदाधिकारी एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी बैठक में जुड़े।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 14, 2026