डीएम की पहल से पहाड़ों में गूंजेगी फुटबॉल की किक, आदिवासी बच्चों को मिला सपनों को उड़ान देने का मौका
महजनमा और सतधरवा गांव के बच्चों को उपलब्ध कराई गई फुटबॉल, जिला प्रशासन की पहल से खिले बच्चों के चेहरे
लखीसराय। जिले के सुदूर पहाड़ी और आदिवासी बहुल गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अब आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की पहल पर चानन प्रखंड के महजनमा और सतधरवा गांव के बच्चों को फुटबॉल उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन की इस पहल से गांव के बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दरअसल, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने हाल ही में चानन प्रखंड की भलुई पंचायत अंतर्गत सुदूर पर्वतीय क्षेत्र में बसे महजनमा एवं सतधरवा गांव का भ्रमण किया था। इस दौरान उन्होंने बच्चों में फुटबॉल के प्रति खास रुचि और खेल प्रतिभा को देखा। बच्चों के उत्साह से प्रभावित होकर डीएम ने उन्हें फुटबॉल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
अपने वादे को पूरा करते हुए जिलाधिकारी ने 11 नवंबर को जिला खेल पदाधिकारी आशुतोष कुमार के माध्यम से दोनों गांवों के बच्चों को फुटबॉल उपलब्ध कराई। इस पहल का उद्देश्य संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाने वाली ग्रामीण और आदिवासी प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है।
जिलाधिकारी की इस पहल से अब इन गांवों के बच्चे भी नियमित रूप से फुटबॉल खेलकर अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे और भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सपना देख सकेंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है। प्रशासन का प्रयास है कि सुदूरवर्ती इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को जरूरी संसाधन और उचित अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाए।