मरीजों के बेहतर उपचार और परिजनों के ठहरने की हो समुचित व्यवस्था-कलेक्टर श्री सिसोनिया
जिला अस्पताल का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण, मरीजों और परिजनों से भी संवाद कर लिया फीडबैक
रायसेन, 28 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने जिला अस्पताल रायसेन का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने प्रसूता वार्ड, ममता वार्ड, एसएनसीयू, एनआरसी सहित अन्य वार्डों का अवलोकन किया। उन्होंने सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री तथा सिविल सर्जन डॉ अनिल ओढ से इन वार्डों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सीएमएचओ तथा सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। मरीजों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों एवं परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा साफ-सफाई की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
परिजनों के ठहरने के लिए हो बेहतर व्यवस्था
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने मरीजों के साथ आने वाले परिजनों (अटेंडरों) की सुविधा पर विशेष ध्यान देते हुए उनके ठहरने के लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी कई बार अधिक समय तक रुकना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal
8 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026