बादशापुर: कॉर्नरस्टोन कम्युनिटी ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक भव्य सामाजिक कार्यक्रम में लगभग 200 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए। इस अवसर पर बादशापुर विधानसभा की पार्षद ज्योति जेलदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि विजय यादव, नीलम यादव एवं सुजंता यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस आयोजन में 500 से अधिक लोगों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। सभी अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने ट्रस्ट के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने वाली ऐसी पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती है और जरूरतमंद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कॉर्नरस्टोन कम्युनिटी ट्रस्ट के प्रबंधक रोहित मैसी एवं सुधा शेरिन मैसी ने बताया कि ट्रस्ट पिछले 17 वर्षों से गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने, शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं स्वयंसेवकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा के अवसर पहुँचाना है। उपस्थित लोगों ने कॉर्नरस्टोन कम्युनिटी ट्रस्ट को क्षेत्र के शैक्षिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली संस्था बताते हुए इसके कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।