*बस्ती में अवैध होलसेल सब्जी मंडी से जाम का झाम, जनता बेहाल* जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 19 सितंबर 2026
*बस्ती।* शहर के सबसे व्यस्त इलाके कंपनी बाग स्टेडियम गेट के सामने और सरकारी आवास के ठीक सामने रोज सुबह अवैध होलसेल सब्जी मंडी लगने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
आपको बताते चलें कि प्रशासन द्वारा होलसेल मंडी के लिए अधिकृत जगह पॉलिटेक्निक सब्जी मंडी और स्टेशन रोड पुरानी बस्ती तय की गई है, लेकिन थोक व्यापारी मनमानी करते हुए कंपनी बाग में ही अवैध रूप से मंडी लगा देते हैं। सड़क के बीचों-बीच बड़ी-बड़ी पिकअप और ट्रक खड़ी करके सब्जी उतारी जाती है, जिससे पूरा रास्ता जाम हो जाता है।
कंपनी बाग की मंडी मूल रूप से फुटकर सब्जी बिक्री के लिए स्थापित की गई थी, फुटकर मंडी शाम को लगाई जाती है लेकिन पिछले कुछ समय से इसे जबरन होलसेल मंडी में बदल दिया गया है। सुबह 6 बजे से सुबह 10:00 तक सड़क पर बोरियों और कैरेट का अंबार लग जाता है।
इससे सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को होती है। कई बार एम्बुलेंस और अधिकारियों की गाड़ियां भी इस जाम में फंस जाती हैं। पैदल चलने वालों के लिए भी फुटपाथ पर जगह नहीं बचती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका परिषद बस्ती द्वारा कई बार कार्रवाई कर इस अवैध मंडी को हटाया भी गया, लेकिन कार्रवाई के 2 दिन बाद ही फिर से वहीं पर मंडी लग जाती है। स्थायी समाधान न होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
यहां मंदिर के पास और मुख्य सड़क पर अतिक्रमण से गंदगी भी फैल रही है और आवारा पशुओं का जमावड़ा भी रहता है।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध होलसेल मंडी को तुरंत कंपनी बाग से हटाकर अधिकृत स्थान पॉलिटेक्निक सब्जी मंडी और पुरानी बस्ती सब्जी मंडी स्टेशन रोड पर शिफ्ट किया जाए और रोजाना निगरानी के लिए यातायात पुलिस व पालिका की टीम लगाई जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस पूरे मामले पर जब नगर पालिका के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Kirti Prakash Bharti
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 19, 2026