*जनपद बस्ती,उत्तर प्रदेश 19 सितम्बर 2026*
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में आज तहसील बस्ती सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को एक-एक कर सुना और मौके पर उपस्थित सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को जनशिकायतों का निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस से सम्बंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों से संबंधित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण कराया जाए, जिससे आम जनमानस को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 मामले प्राप्त हुए, जिसमें से 06 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 20, पुलिस विभाग के 15, पूर्ति विभाग के 20, विद्युत विभाग के 03, चकबन्दी विभाग के 03 तथा अन्य विभागों के 20 मामले शामिल हैं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, डीएचओ अरूण त्रिपाठी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य जनता की समस्याओं का एक ही छत के नीचे समाधान करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण की आख्या पोर्टल पर समय से अपलोड की जाए और शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 19, 2026