कैमूर में ट्रक चालक से मारपीट का मामला: डीएम ने लिया संज्ञान, जांच समिति गठित, माइनिंग SI का वेतन रोका
कैमूर में खनन विभाग के कर्मियों द्वारा ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रसारित खबर और प्राप्त सूचना को जिला प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।
जिलाधिकारी कैमूर द्वारा इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए दो बड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
पहला - मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए अपर समाहर्ता विभागीय जांच तथा जिला खनन पदाधिकारी की दो सदस्यीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है। इस समिति को अगले 2 दिनों के भीतर स्थलीय और तथ्यात्मक जांच कर स्पष्ट रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
दूसरा - प्राप्त प्रारंभिक सूचना के आधार पर जांच पूरी होने तक संबंधित खनन सब-इंस्पेक्टर और उस दौरान प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवानों का माह सितंबर का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। जांच समिति से क्लियरेंस मिलने के बाद ही वेतन निकासी पर विचार किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने या पद के दुरुपयोग की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।