भारतमाला एक्सप्रेसवे के पुलिया के नीचे पानी में तैरता मिला मिस्त्री का शव
कैमूर जिले के करमचट थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे एक मिस्त्री का शव पुलिया के नीचे भरे पानी में तैरता हुआ मिला है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला के रामकला थाना क्षेत्र के भाटहीं गांव निवासी 30 वर्षीय भोला मल्लाह के रूप में हुई है। वह पिछले दो महीने से अपने 11 साथियों के साथ भारतमाला एक्सप्रेसवे के पुलिया निर्माण कार्य में लगा था। बताया जा रहा है कि वह 21 अक्टूबर से लापता था।
आज सुबह ठाकुरहट बसिनी जाने वाले मार्ग पर एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान पुलिया के नीचे पानी में उसका शव तैरता हुआ उसके साथियों ने देखा। सूचना मिलने पर पीएनसी कंपनी के अधिकारी और करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर गहरे गड्ढों में पानी भरा है और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। मजदूर बिना सेफ्टी किट के काम करने को मजबूर हैं।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Mohania, Kaimur | Oct 23, 2026