मुंडेश्वरी सभागार में दिशा की बैठक, सांसद मनोज कुमार ने की अध्यक्षता
कैमूर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक माँ मुंडेश्वरी सभागार, समाहरणालय में सासाराम लोकसभा के सांसद मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा की गई।
बैठक में बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, मंत्री मो. जमा खान के प्रतिनिधि संजय पांडेय, भभुआ विधायक भरत बिंद, मोहनिया विधायक संगीता कुमारी, रामगढ़ विधायक सतीश कुमार सिंह यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रिंकी सिंह सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि और जिला के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, समग्र शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और विद्युत आपूर्ति सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि दिशा समिति का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
Mohania, Kaimur | Oct 23, 2026