13 पंचायतों में विकास कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में मंगलवार को पंचायत आधारभूत संरचना, मरम्मति एवं जीर्णोद्धार कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मॉडल विलेज पहल के तहत चयनित पंचायतों में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
बैठक में 13 ग्राम पंचायतों की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, पुस्तकालय, गली-नाली, नल-जल और पंचायत सरकार भवन से संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। डीएम ने पंचायतवार और विभागवार कार्यों की स्पष्ट सूची तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मॉडल विलेज के तहत उन्हीं आधारभूत सुविधाओं का चयन किया जाए, जिनकी वास्तविक आवश्यकता है। विद्यालयों में जरूरत के अनुसार जीर्णोद्धार, अतिरिक्त वर्ग कक्ष, पेवर ब्लॉक और चहारदीवारी जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने सभी मरम्मति एवं जीर्णोद्धार कार्यों का ‘Before-Present-After’ फोटो और वीडियो तैयार करना अनिवार्य किया। फोटो में दिनांक और समय अंकित रहने चाहिए, ताकि कार्य की वास्तविक प्रगति स्पष्ट हो सके। प्रखंड स्तर पर इसका अभिलेख भी तैयार किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार के लिए जिले में एक समान पहचान विकसित करने के उद्देश्य से ‘पेंसिल मॉडल’ अपनाने का निर्देश दिया गया। इसके लिए जिला स्तर से मानक डिजाइन तैयार कर प्रखंडों को उपलब्ध कराया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कागजी प्रतिवेदन के आधार पर समीक्षा नहीं होगी। कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों की होगी।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 8, 2026