परसौना-माजन मोड़-निगाही मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, हादसे का इंतजार कर रहा विभाग?
सिंगरौली। परसौना से माजन मोड़ होते हुए निगाही तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। एमपीआरटीसी द्वारा निर्मित इस सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और दिनभर बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की दिशा में जिम्मेदार विभाग द्वारा प्रभावी पहल नहीं की जा रही है। बारिश के दौरान जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है।
सिंगरौली में बारिश के कारण कई अन्य सड़कों के भी क्षतिग्रस्त होने और गहरे गड्ढे बनने की खबर सामने आ चुकी है। वहीं, परसौना से निगाही मोड़ तक सड़क और नाली की समस्या पहले भी उठ चुकी है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के घटित होने का इंतजार कर रहा है? लोगों ने मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कर खतरनाक गड्ढों को भरने के साथ जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी अनहोनी को रोका जा सके।