जिलाधिकारी ने सेवा संकल्प अभियान का सफलतापूर्वक संचालन करने का अधिकारियों को दिया निदेश
==========================
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक उत्सवी माहौल में अभियान संचालित किया जाएगा; जिलाधिकारी ने माननीय जन-प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्राध्यापकों, पत्रकार बंधुओ, संस्कृतिकर्मियों सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का किया आह्वान
==========================
अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनकर जनहित की सैकड़ों लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के जन-मानस के जीवन-स्तर में आए सकारात्मक प्रभाव का प्रत्यक्षदर्शी बनेंः जिलाधिकारी
==========================
जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव द्वारा आज समाहरणालय स्थित सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया। पदाधिकारियों को ससमय एवं सुदृढ़ तैयारी सुनिश्चित कर अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने का निदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा सेवा और समर्पण के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में सरकार के आदेश के आलोक में सेवा संकल्प अभियान का वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरूआत 17 सितम्बर, 2026 को होगी जो 17 अक्टूबर, 2026 तक लगातार चलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकतम जन सहभागिता से फेस्टिव इन्वायरनमेंट (उत्सवी माहौल) में इसका आयोजन किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायतों, गांवों, प्रखंडों, जिला सहित सभी स्तरों पर इसका आयोजन किया जाएगा। उन्होंने माननीय जन-प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्राध्यापकों, पत्रकार बंधुओ, संस्कृतिकर्मियों सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अभियान में सक्रिय सहभागी बनकर जनहित की सैकड़ों लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के जन-मानस के जीवन-स्तर में आए सकारात्मक प्रभाव का प्रत्यक्षदर्शी बनें।
आज की बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि इस अभियान के 12 मुख्य स्तंभ हैंः
1. आशीर्वाद का दीया (17 सितम्बर)
2. सेवा चित्रः ड्राॅईंग एवं भाषण प्रतियोगिता (24 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक)
3. सेवा स्मरण (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक, 02 अक्टूबर को विशेष मंचन)
4. आंगन का मिलन (28 सितम्बर से 30 सितम्बर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र पर तीन दिन)
5. कहानी बदलाव की (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक)
6. सेवा ज्योति यात्रा (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक)
7. सेवा मेरा योगदान (05 अक्टूबर से 09 अक्टूबर तक)
8. सेवा सेतु अभियान (06 अक्टूबर)
9. सेवा के रंग (15 अक्टूबर)
10. हैकाॅथन एवं इनोवेशन (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक)
11. जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेन्ट
12. 25 साल, 25 कहानियाँ (नेशनल अनबाॅक्सिंग) (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर की अवधि के दौरान)
जिलाधिकारी ने कहा कि इन सभी बिन्दुओं पर वृहद तैयारी की जा रही है। थीमवार नोडल पदाधिकारियों एवं वरीय पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को भी संलग्न किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी पदाधिकारियों के कार्यों एवं दायित्वों का स्पष्ट रूप से निर्धारण किया गया है। सभी पदाधिकारियों को निदेश दिया गया है कि अपने-अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करें। प्रखण्ड स्तर पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी नोडल पदाधिकारी होंगे तथा जिला स्तर पर कार्यों के नियमित पर्यवेक्षण हेतु उप विकास आयुक्त को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। नोडल पदाधिकारी संबंधित सभी विभागीय पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सरकार के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम का संचालन करेंगे।
1. आशीर्वाद का दीयाः जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर की संध्या में सम्पूर्ण जिला में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के साथ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिला, अनुमंडल एवं प्रखण्ड मुख्यालयों के महत्वपूर्ण स्थलों यथा सभी पंचायत सरकार भवनों, स्वास्थ्य केन्द्रों, विद्यालयों, सामुदायिक भवनों, प्रमुख टोला क्षेत्रों इत्यादि में दीया जलाया जाएगा। जिला स्तर पर 10 स्थलों का चयन किया गया है जो इस प्रकार है:- साहू पोखर, सदर अस्पताल, न्यायालय परिसर, समाहरणालय-भारत माता पार्क, जुब्बा सहनी पार्क, शहीद बैकुण्ठ शुक्ल स्मारक, गरीब स्थान, मरीन ड्राईव, सरैयागंज टावर तथा शहीद खुदीराम बोस स्मारक। इसी प्रकार प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों द्वारा प्रखण्ड स्तर पर भी सार्वजनिक स्थल का चयन किया गया है। अधिकतम जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए 17 सितम्बर की संध्या में इन सभी स्थलों पर दीप प्रज्जवलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त एवं नगर आयुक्त इसके वरीय पदाधिकारी के तौर पर प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
2. सेवा चित्रः जिलाधिकारी ने कहा कि 24 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 25 साल में किए गए सेवा कार्यों एवं विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित ड्राॅईंग प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों में प्रदर्शनी लगाया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। छात्र-छात्राओं के अभिभावकों, परिवार के अन्य सदस्यों एवं ग्रामीणों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। जिलान्तर्गत सभी महाविद्यालयों में भी इसका आयोजन किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारियों एवं अन्य को भी इस कार्यक्रम से संलग्न किया गया है।
3. सेवा स्मरणः जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक इसका आयोजन होगा। विगत 25 वर्ष के सेवा कार्यों, प्रमुख जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा बदलावों की कहानियों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, सामुदायिक केन्द्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 02 अक्टूबर को विशेष मंचन किया जाएगा। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त इसके वरीय पदाधिकारी हैं।
4. आँगन का मिलनः जिलाधिकारी ने कहा कि 28 सितम्बर से 30 सितम्बर तक आंगनबाड़ी केन्द्रों पर इसका आयोजन होगा। जिला के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर यह कार्यक्रम तीन दिन आयोजित किया जाएगा। बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों एवं माताओं से जुड़ी पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला विकास संबंधी योजनाओं की जानकारी सरल ढ़ंग से दी जाएगी। बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं तथा आशा दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। लाभार्थी माताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम पदधिकारी, आईसीडीएस इस कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त इसके वरीय पदाधिकारी हैं।
5. कहानी बदलाव कीः जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक यह कार्यक्रम आयोजित होगा। सरकार की योजनाओं से जिन-जिन क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है, उससे संबंधित कहानियों को लोगों द्वारा बताया जाएगा। जिला के सोशल मीडिया एवं अन्य सभी माध्यमों से इसे नागरिक प्रक्षेत्र में प्रसारित किया जाएगा। जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त इसके वरीय पदाधिकारी हैं। पीआरओ, मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी, डीपीएम, जीविका, उप नगर आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों को भी इससे संलग्न किया गया है।
6. सेवा ज्योति यात्राः जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक इसका आयोजन किया जाएगा। हर गांव एवं जिला स्तर पर यह यात्रा निकाली जाएगी। लाभार्थियों द्वारा अपना अनुभव शेयर किया जाएगा। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा नगर आयुक्त एवं उप विकास आयुक्त इसके वरीय पदाधिकारी हैं।
7. सेवा मेरा योगदानः जिलाधिकारी ने कहा कि 05 अक्टूबर से 09 अक्टूबर तक इसका आयोजन किया जाएगा। अपने घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्य स्थल एवं अन्य किसी भी सार्वजनिक स्थान पर सेवा की जा सकती है। 25 सेवा गतिविधियों में से स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, जन-जागरूकता एवं अन्य चयनित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उप नगर आयुक्त इसके नोडल पदाधिकारी तथा नगर आयुक्त एवं उप विकास आयुक्त इसके वरीय पदाधिकारी हैं। डीपीओ वीबी जी राम जी, जिला समन्वयक एलएसबीए, जिला युवा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य को भी इस कार्यक्रम से संलग्न किया गया है।
8. सेवा सेतु अभियानः जिलाधिकारी ने कहा कि 06 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान चलाया जाएगा। प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है कि प्रखण्ड एवं अन्य स्तरों पर सेवा शिविरों का आयोजन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की 26 प्रमुख जन- कल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर लोगों को मिलेगा। अधिकारियों को लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने, आवेदन कराने एवं आवश्यक सहायता देने की समुचित व्यवस्था करने का निदेश दिया गया है। सभी आवेदनों का निष्पादन एवं योजनाओं का लाभ लाभुकों को उसी दिन प्राप्त करा दिया जाएगा। इसके नोडल पदाधिकारी प्रभारी पदाधिकारी जिला विकास शाखा एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी बनाए गए हैं। उप विकास आयुक्त इसके वरीय प्रभारी पदाधिकारी रहेंगे।
9. सेवा के रंग-रंगोलीः जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अक्टूबर को इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दिन जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ह्यूमन रंगोली बनाया जाएगा। परंपरा, प्रकृति, संस्कृति, विकास एवं विकसित भारत, 2047 को रंगोली के माध्यम से दर्शाया जाएगा। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा नगर आयुक्त एवं उप विकास आयुक्त वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाए गए हैं।
10. हैकाॅथन एवं इनोवेशनः जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक इसका आयोजन किया जाएगा। जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल, काॅरपोरेट, इनोवेटर्स और ज़मीनी स्तर पर नये समाधान विकसित करने वाले लोगों को जोड़ने के लिए इनोवेशन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिले के महाविद्यालय, तकनीकी संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क एवं इनक्यूबेशन केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाई जाएगी। महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र इसके नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाए गए हैं।
11. जनसेवक महाकुंभ- पंचायत से पार्लियामेंटः जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के स्तर से चयनित कार्यक्रमों के अनुसार इसका आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। जिले के सभी पंचायतों से योग्य एवं सक्रिय जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार की जाएगी। महिला, युवा, अतिपिछड़ा वर्ग, अनु. जाति एवं अनु. जनजाति के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला पंचायत राज पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाए गए हैं।
12. 25 साल, 25 कहानियाँ (नेशनल अनबाॅक्सिंग)- जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक की अवधि के दौरान यह आयोजित किया जाएगा। विकास और उपलब्धियों के प्रमुख पड़ावों को दर्शाने वाले क्युरेटेड किट गणमान्य व्यक्तियों के बीच वितरित किया जाएगा। 26 प्रमुख योजनाओं/ उपलब्धियों की जानकारी रहेगी। जिला कला संस्कृति पदाधिकारी इसके नोडल पदाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आईसीडीएस, शिक्षा, आईपीआरडी, नगर विकास, कला एवं संस्कृति, पंचायती राज, उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर अभियान का सफल क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हेतु नगर आयुक्त एवं उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 13-सदस्यीय एक टास्कफोर्स क्रियाशील है जिसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी नामित किए गए हैं। यह टास्कफोर्स प्रतिदिन अभियान में प्रगति की समीक्षा करेगी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar