कैमूर पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
भभुआ/कैमूर। कैमूर पुलिस कार्यालय में 7 सितंबर को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, शराब तस्करी पर रोक और संगठित अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और सुसेवांक देकर सम्मानित किया गया।
दुर्गावती थाना में 143.040 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में थानाध्यक्ष पुनीत गिरीश कुमार समेत आठ पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। वहीं नुआंव थाना हत्याकांड कांड संख्या 69/26 में 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नौ पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इसके अलावा आसूचना संकलन इकाई (DIU) की टीम द्वारा विशेष छापेमारी में 16.11 ग्राम हेरोइन और 13.613 किलोग्राम गांजा बरामद करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी में योगदान देने वाले 10 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
SC/ST थाना के अनुसंधानकर्ताओं को पांच से अधिक कांडों के निष्पादन के लिए तथा चांद थाना में 441.615 लीटर अवैध देशी/विदेशी शराब की बरामदगी के लिए भी पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं सुसेवांक प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।