राजगढ़ में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, 190 आंगनबाड़ी केंद्रों ने लिया हिस्सा
राजगढ़ में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। बाल विकास परियोजना राजगढ़ के कार्यक्रम में एसडीएम राज कुमार ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पोषण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में राजगढ़ विकास खंड के सभी 190 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और राष्ट्रीय पोषण माह की शपथ भी दिलाई गई। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि कुपोषण से लड़ने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। स्वस्थ मां, स्वस्थ बच्चा और स्वस्थ परिवार के लिए हर परिवार और समुदाय की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में बच्चों के जीवन के शुरुआती छह वर्षों में पोषण, मस्तिष्क विकास और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई। साथ ही स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान गोद भराई और अन्नप्राशन की रस्में भी निभाई गईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण और बाल स्वास्थ्य का संदेश घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया गया।
राजगढ़ में शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह स्वस्थ समाज के निर्माण और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।