शीतकाल के लिए बंद हुए श्री केदारनाथ धाम के कपाट, जयकारों के बीच ऊखीमठ रवाना हुई पंचमुखी डोली।
रुद्रप्रयाग विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और संपूर्ण धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। प्रातः 8:30 बजे कपाट बंद होने की विशेष प्रक्रिया विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इसके साथ ही इस वर्ष की पावन केदारनाथ यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया है।
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर संपूर्ण धाम 'हर-हर महादेव' और बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के पश्चात भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। यह उत्सव डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए आगामी 13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां शीतकाल के दौरान बाबा केदार की नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी।