*समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं करते हैं समीक्षा: राजेश कुमार सोनी*
*एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने समाधान शिविर में सुनी नागरिकों की समस्याएं*
लाडवा, 21 सितंबर। एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली हर समस्या या शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध उचित निपटारा सुनिश्चित किया जाये। नागरिकों की हर विभाग से संबंधित प्रत्येक समस्या के एक छत के नीचे तुरंत निदान के उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समीक्षा करते हैं।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने सोमवार को हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार उपमंडल कार्यालय लाडवा में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता की। शिविर में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखीं। मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, प्रॉपर्टी आईडी, बिजली-पानी और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने एक-एक करके सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को उपमंडल कार्यालय में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। शहर व गांव का कोई भी नागरिक समाधान शिविर में पहुंच कर अपनी समस्या रख सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके घर द्वार पर ही समाधान देना है, ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा भी किया गया।