फतेहपुर स्वास्थ्य केंद्र में ताला, स्टाफ नहीं मिला तो महिलाओं ने बाहर साड़ी बांधकर कराया प्रसव
दमोह। बटियागढ़ ब्लॉक के अजब धाम फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली सामने आई है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे प्रसव पीड़ा से परेशान फुरताल सादपुर निवासी 25 वर्षीय मंजो भील पति मादेश भील अस्पताल पहुंचीं, लेकिन केंद्र में ताला लगा था और डॉक्टर, एएनएम व आशा कार्यकर्ता मौजूद नहीं मिले। महिला काफी देर तक अस्पताल के बाहर इंतजार करती रही। इसके बाद स्थानीय महिलाओं ने अस्पताल के बाहर साड़ी बांधकर प्रसव कराया। नवजात बच्ची की स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हुए और जच्चा-बच्चा को निजी वाहन से हटा अस्पताल ले गए। बाद में एंबुलेंस से दोनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बताया गया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार एएनएम कमला अहिरवार के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद केंद्र में स्टाफ की व्यवस्था नहीं है, बता दें कि फतेहपुर घनी आबादी क्षेत्र होने के बाबजूद भी यहां स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिक तौर पर उपलब्ध नहीं हो पाना सिस्टम पर सवाल खड़े करता है। लाखों रूपये की लागत से चमचमाती बिल्डिंग किस काम की जब लोगो को समय पर प्रशासन बेहतर उपचार के इंतजामात करने में भी विफल है।
Damoh, Damoh | Sep 4, 2026