गौ-संरक्षण अभियान में अपना सहयोग प्रदान कर इसे सफल बनाएं-कलेक्टर श्री यादव
=
जन्माष्टमी पर्व पर वैष्णवी गोशाला और ग्वारी गोशाला पहुंचे कलेक्टर श्री यादव
==
गौमाता का किया पूजन अर्चन, खिलाया गुड़ एवं केला
=
कलेक्टर श्री प्रताप नारायण यादव ने कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मारुताल स्थित वैष्णवी गौशाला पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन-अर्चन किया और गौ माताओं का भी पूजन कर केला एवं गुड़ खिलाकर गौ-सेवा की। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और गौ-संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने ग्वारी गौ शाला में भी गौमाता की पूजा कर गुड़ और केला खिलाकर सेवा की।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि गौमाता मां की तरह वात्सल्य और पोषण की मूर्ति है, जो हमें अमृत के समान दूध, दही और घी देती है। भगवान कृष्ण ने अपना बचपन गौ सेवा और गौ पूजा से आरंभ किया, जिससे उनका 'गोपाल' और 'गोविंदा' नाम सार्थक हुआ, वे समाज के लिए गौ रक्षा और गौ सेवा को सबसे उत्तम धर्म और कर्तव्य मानते थे।
सड़क से गौशाला की ओर विशेष अभियान
कलेक्टर श्री यादव ने बताया गौ-संरक्षण हेतु जिला प्रशासन द्वारा बलराम जयंती के शुभ अवसर पर 'सड़क से गौशाला की ओर' विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत सड़कों पर घूमने वाली, निराश्रित और असहाय गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के शुरुआती दो दिनों के भीतर ही लगभग एक हजार गौवंश को गौशालाओं में पहुंचाकर सुरक्षित किया जा चुका है।
दुर्घटनाओं पर रोक और सुरक्षा का उद्देश्य
कलेक्टर श्री यादव ने बताया आए दिन गौवंश के सड़कों पर बैठने से गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें आम नागरिक घायल होते हैं और गौ माताएं भी जख्मी हो जाती हैं। इन दुर्घटनाओं से निजात दिलाने और गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही यह अभियान चलाया जा रहा है।
नागरिकों और गौशाला संचालकों से अपील
कलेक्टर श्री यादव ने सभी गौशाला संचालकों से आह्वान किया कि शासन द्वारा दिए गए इस पवित्र कार्य को तन, मन, धन और पूरी ईमानदारी के साथ निभाएं। साथ ही, उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे इस गौ-संरक्षण अभियान में अपना सहयोग प्रदान कर इसे सफल बनाएं। अंत में उन्होंने पंक्तियों के माध्यम से गौ-सेवा का महत्व बताते हुए सभी से गौ-सेवा को संस्कार बनाने और प्रेम व करुणा को अपने व्यवहार में उतारने का संदेश दिया।
110 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026