बांसा कला में 60 फुट गहरे कुएं में गिरने से पिता-पुत्र की मौत, मोटर निकालते समय रस्सी टूटने से हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम का माहौल
पथरिया थाना क्षेत्र के बांसा कला गांव में दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों 60 फीट गहरे सूखे कुएं से मोटर निकाल रहे थे, तभी सहारा बनी रस्सी अचानक टूट गई और वे कुएं में जा गिरे।
जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय रामदयाल ठाकुर और उनके 35 वर्षीय पुत्र संजय ठाकुर कुएं में उतरकर मशीन निकालने का काम कर रहे थे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां ड्यूटी डॉक्टर अमित जैन ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा पोस्टमार्टम कार्रवाई कर शवों को परिजनों के लिए सौंप दिया है। बता दें कि संजय ठाकुर स्वास्थ्य केंद्र में आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। एक साथ पिता-पुत्र की मौत से गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
Damoh, Damoh | Jun 10, 2026