महुना में तार टूटने से करंट की चपेट में आए दो दुधारू गौवंश की मौत, विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
दमोह देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम महूना में आज बुधवार सुबह करीब 10 बजे विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। नदी किनारे स्थित खेत में बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो दुधारू गायों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खेत के पास से गुजर रही विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। उसी दौरान वहां चर रही दो गायें करंट की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से दोनों पशुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तारों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया।
घटना से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा दिलाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Damoh, Damoh | Jun 10, 2026