आंधी-तूफान का कहर: पेट्रोल पंप क्षतिग्रस्त, वेयरहाउस की चादरें उड़ीं, दीवार गिरने से दो महिलाएं घायल
जबेरा क्षेत्र के कई गांवों में भारी नुकसान, बिजली पोल और पेड़ धराशायी, प्रशासन जुटा आकलन में
दमोह। जिले में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने जबेरा तहसील के कई गांवों में भारी तबाही मचाई। सिमरी जालम, चोपड़ा, डूमर, बड़गुवा सहित आसपास के क्षेत्रों में मकान, पेट्रोल पंप, वेयरहाउस, पेड़ और बिजली व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचा है।
सिमरी जालम स्थित पेट्रोल पंप पर तूफान का सबसे अधिक असर देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण पंप का पिलर और टीन शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं पास स्थित वेयरहाउस की टीन चादरें उड़कर दूर खेतों में जा गिरीं। हालांकि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
डूमर गांव में कई मकानों की दीवारें ढह गईं। परम अग्रवाल के दो मंजिला मकान की दीवार गिरने से प्रियंका और गिरजा नामक दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों को तत्काल जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चोपड़ा गांव में कई घरों के टीन शेड उड़ गए। चोपड़ा तालाब के समीप एक विशाल पीपल का पेड़ भी तेज हवाओं के चलते धराशायी हो गया, जिससे आसपास के कई बिजली पोल टूट गए। पेट्रोल पंप के पास करीब 8 से 10 बिजली पोल गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई।
धुंनगी, मझगांव रोड और बम्होरी रोड पर भी कई पेड़ सड़क पर गिर गए। हालांकि यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ। टपरिया गांव से भी टीन शेड उड़ने की सूचना मिली है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की तैयारी में जुट गया है।
Damoh, Damoh | Jun 10, 2026