कैंचीधाम और आसपास के पर्वतीय मार्गों पर लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। पिछले सप्ताह कैंचीधाम में लगे जाम पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने और वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट मार्ग से भेजने, निगलाट के पास वन विभाग की खाली भूमि पर पार्किंग विकसित करने और पाटलीगांव से रातीघाट तक सड़क की स्थिति सुधारने को कहा। सैनिटोरियम से पाटलीगांव मार्ग की मरम्मत, क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को टू-लेन करने और कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। रानीबाग के भीमताल-नैनीताल तिराहे पर जाम से राहत के लिए वैली ब्रिज बनाने की संभावनाओं का सर्वे कराया जाएगा। इसके अलावा गुलाबघाटी के चौड़ीकरण और भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ी करने के प्रस्ताव पर भी जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए मंत्री ने मंदिर सुबह 6 बजे के बजाय 4 बजे खोलने तथा प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग बनाने के संबंध में मंदिर प्रशासन से वार्ता करने को कहा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन पार्क न करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित पुलिस, वन विभाग, आरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
#KainchiDham #Haldwani #Nainital #Uttarakhand #UttarakhandNews #HaldwaniNews #AjayTamta #TrafficJam #TrafficManagement #KainchiDhamNews #NainitalTraffic #AlternativeRoute #ParkingFacility #ValleyBridge #Ranikhet #Bhowali #Jyolikot #NainitalTourism #Pilgrimage #TempleNews #RoadDevelopment #RoadSafety #HighwayDevelopment #UttarakhandTourism #PublicConvenience #PoliceAdministration #BreakingNews #LatestNews #HindiNews #NewsReels #InstagramReels #FacebookReels #YouTubeShorts #HaldwaniExpressNews