#गुना - तुलसीदास जयंती समारोह में सांदीपनी विद्यालय गुना की नृत्य-नाटिका ने जीता प्रथम स्थान
मानस भवन संस्था, गुना द्वारा आयोजित तुलसीदास जयंती समारोह के अवसर पर रामायण एवं श्रीरामचरितमानस पर आधारित नृत्य-नाटिका मंचन प्रतियोगिता में सांदीपनी शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुना के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं गुना जिले का गौरव बढ़ाया।
सांदीपनी विद्यालय के लिए यह विशेष उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण रही कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पहली बार इतने बड़े मंच पर इतने व्यापक स्तर पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों को नृत्य, अभिनय, संगीत एवं संवादों के अद्भुत समन्वय के साथ प्रस्तुत किया। लगभग 40 से अधिक छात्र-छात्राओं के दल ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से पूरे मंच को मानो रामलीला के जीवंत स्वरूप में परिवर्तित कर दिया।
नृत्य-नाटिका में श्रीराम जन्म से प्रारंभ होकर निषाद प्रसंग, अहिल्या उद्धार, वनवास, विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों तथा अंगद प्रसंग सहित रामायण की संपूर्ण कथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों के अभिनय, नृत्य, भाव-भंगिमाओं, वेशभूषा, संगीत एवं मंचीय संयोजन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान सभागार में उपस्थित दर्शकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. यादव थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, साहित्य एवं संस्कृति प्रेमी तथा दर्शक उपस्थित रहे। सभागार में सांदीपनी विद्यालय की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस सफलता के पीछे विद्यालय की नृत्य शिक्षिका श्रीमती प्रीति मालवीय, दीप्ति सिंह परिहार सहित सांस्कृतिक समिति के सभी सदस्यों, शिक्षकों एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यार्थियों को प्रस्तुति के लिए तैयार करने से लेकर मंचीय संयोजन तक सभी ने समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य किया।
आयोजन समिति द्वारा सांदीपनी विद्यालय की इस उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए विद्यालय को प्रोत्साहित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करना विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
विद्यालय के प्राचार्य ने इस उपलब्धि पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, नृत्य शिक्षिका, सांस्कृतिक समिति एवं समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति, परंपरा एवं भारतीय जीवन-मूल्यों के प्रति गौरव की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सांदीपनी विद्यालय की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे गुना के लिए गर्व का अवसर प्रदान किया है।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh